logo

सीएम हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड सरकार और इंडियन बैंक के बीच हुए दो MoU, कर्मचारियों को मिलेंगी ये बैंकिग सुविधाएं 

hemant01.jpg

रांची 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड सरकार और इंडियन बैंक के बीच आज दो समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए। मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर मनुष्य के जीवन में अनेक उतार-चढ़ाव आते हैं। कई बार ऐसे अवसर भी आते हैं जब लोग स्वयं को असहाय और निराश महसूस करते हैं, विशेषकर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समय ऐसी भावना उत्पन्न होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एवं इंडियन बैंक के बीच आज हुए समझौता ज्ञापन का लाभ वर्तमान समय में एनएचएम सहित स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य कर रहे हजारों कर्मियों को मिलेगा। स्वास्थ्य कर्मियों के लिए यह एमओयू एक अत्यंत उपयोगी और लाभकारी पैकेज है। ये दोनों समझौते कर्मचारियों का वेतन खाता पैकेज (Salary Account Package) एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों का वेतन खाता और एचआरआईएस पैकेज के लिए किये गये। 

सर्वांगीण विकास में इंडियन बैंक की भूमिका होगी 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण के खतरे वाले क्षेत्रों में कार्य करना पड़ता है और वे बड़े जोखिम उठाकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनका बीमा और वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित होना आवश्यक है, ताकि वे निर्भीक होकर अपना कार्य कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित रूप से इंडियन बैंक के साथ हुए समझौता ज्ञापन के अंतर्गत आने वाले पैकेज का लाभ लेकर  एनएचएम स्वास्थ्य कर्मी खुशी और मजबूती के साथ अपना योगदान देंगे। मुख्यमंत्री ने इंडियन बैंक के सभी पदाधिकारियों को शुभकामना देते हुए कहा कि आज राज्य सरकार के साथ इंडियन बैंक कदम बढ़ा रही है। वर्तमान में बैंक की योजनाओं का लाभ और सहायता राज्य सरकार में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों मिलेगा, इसके अलावा भी राज्य के सर्वांगीण विकास में इंडियन बैंक की भूमिका रहेगी ऐसा मुझे पूरा विश्वास है।

डिजिटल व्यवस्था का विस्तार आवश्यक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आने वाले समय में डिजिटल व्यवस्था के विस्तार के साथ बैंकिंग सेवाओं से न केवल सरकारी कर्मचारी, बल्कि श्रमिक वर्ग भी व्यापक रूप से जुड़ेगा। ऐसी स्थिति में बैंकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग एवं NHM के सभी कर्मियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे इस विशेष पैकेज का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

इस अवसर पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव,  अजय कुमार सिंह, वित्त विभाग के सचिव  प्रशांत कुमार, इंडियन बैंक एमडी-सीईओ  बिनोद कुमार सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।


 

Tags - MoU  Jharkhand Government Indian Bank CM Hemant Soren employees banking facilities